राज्यसभा में कांग्रेस के दावों पर बोले विदेश मंत्री जयशंकर

दिल्ली: 06 फरवरी बृहस्पतिवार को विदेश मंत्री जयशंकर ने राज्यसभा में कांग्रेस पर बार-बार गलत बयानबाज़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में किसी उम्मीदवार के लिए प्रचार नहीं किया था। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान जयशंकर ने यह टिप्पणी की। इससे पहले कांग्रेस सदस्य सैयद नसीर हुसैन ने कहा, ‘‘पहली बार हमने देखा था कि पीएम मोदी ने किसी दूसरे देश में राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया था, अब वहाँ उनकी ही सरकार बन गई है’’।

अमेरिका में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को वापस भेजे जाने का मुद्दा उठाने का प्रयास कर रहे थे हुसैन। इस पर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि सदस्य (हुसैन) अपनी पार्टी के रूख के तहत गलत बयानबाज़ी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसी उम्मीदवार के लिए प्रचार नहीं किया और कांग्रेस पार्टी बार-बार ऐसा बयान देती रही है।

104 अवैध प्रवासियों का पहला जत्था भारत लौटा 

गौरतलब है कि विभिन्न राज्यों से 104 अवैध प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान बुधवार को अमृतसर पहुँचा। अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत डोनाल्ड ट्रंप सरकार द्वारा निर्वासित भारतीयों का यह पहला जत्था था। इनमें से 33-33 लोग हरियाणा और गुजरात से, 30 पंजाब से, 3-3 महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से और 2 चंडीगढ़ से थे।

हथकड़ी पहनकर किया विरोध प्रदर्शन 

विपक्ष के कई सांसदों ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को वापस भेजने के तरीके को लेकर बृहस्पतिवार को सरकार की आलोचना की तथा प्रवासियों के साथ किए जा रहे अमानवीय व्यवहार पर प्रश्न  उठाए। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अखिलेश यादव समेत विपक्षी सांसदों ने अमेरिकी अधिकारियों द्वारा भारतीयों के साथ किए गए व्यवहार के विरोध में संसद परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्ष के कुछ नेताओं ने हथकड़ी पहनकर विरोध प्रदर्शन किया।

अवैध भारतीय प्रवासियों से अमानविय व्यवहार: प्रियंका

प्रियंका गांधी ने कहा, “कई बातें कही गईं हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी बहुत अच्छे दोस्त हैं। पीएम मोदी ने ऐसा क्यों होने दिया? क्या हम उन्हें वापस लाने के लिए अपना विमान नहीं भेज सकते थे? क्या इंसानों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है? उन्हें हथकड़ी और बेड़ियां पहनाकर वापस भेजा जाता है?विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए”।

मनीष तिवारी ने कहा ‘‘ये बेहद अमानवीय’’ है 

इससे पहले कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने अमेरिकी सरकार द्वारा निर्वासित अवैध भारतीय प्रवासियों को हथकड़ी लगाने पर बृहस्पतिवार को दुख व्यक्त किया और इसे ‘‘बेहद अमानवीय’’ करार दिया। निर्वासित लोगों में शामिल जसपाल सिंह ने बुधवार को दावा किया कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें हथकड़ी लगी थी और पैरों में जंजीरें बांधी गई थीं जिन्हें अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद ही हटाया गया।

Related Posts

पहलगाम हमले का 1 साल: बैसरन घाटी की वो खूनी दोपहर और आज का खौफनाक मंजर देखकर आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे

पहलगाम की वादियों में आज भी वह खौफनाक मंजर नासूर बनकर चुभ रहा है। आज ठीक एक साल हो गया है जब 22 अप्रैल 2025 को बैसरन घाटी में गोलियों…

13 साल का दर्द, कोमा और सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: जानिए हरीश राणा की ‘इच्छा मृत्यु’ की विस्तृत कहानी

जिंदगी और मौत के बीच 13 साल लंबा संघर्ष आखिरकार अब एक शांत अंत की ओर बढ़ रहा है। गाजियाबाद के हरीश राणा, जो एक दर्दनाक हादसे के बाद से…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!