सूरापुर (सुलतानपुर)।लगातार बिजली संकट से जूझ रहे सूरापुर क्षेत्र में आखिरकार जनता की आवाज़ शासन तक पहुँच ही गई। शनिवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के निजी सचिव पावर हाउस टी पी नगरा / करौदी कला पर औचक निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से आपूर्ति व लोड की स्थिति की जानकारी ली।दौरे के दौरान जब सचिव वहां से निकलने लगे, तो करौंदी कला बाजार में सैकड़ों नागरिकों ने उन्हें घेर लिया और बिजली संकट की जमीनी सच्चाई से रूबरू कराया। नागरिकों ने बताया कि कैसे ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे, रोपाई ठप है और छात्र मोमबत्ती में पढ़ने को मजबूर हैं। सचिव ने एक पत्र दिखाते हुए कहा कि उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव को शासन स्तर पर बढ़ा दिया गया है और यह कार्य अब शीघ्रता से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनसमस्या अब उच्च प्राथमिकता में है।इस परिणाम के पीछे करौंदी कला की एकजुट जनता की लंबी लड़ाई है। 10 जुलाई को पावर हाउस परिसर में हुए जनएकत्रीकरण ने प्रशासन को झकझोर दिया था। सैकड़ों ग्रामीणों और युवाओं की मौजूदगी में अधिकारियों ने लिखित में 24 घंटे रोस्टर का आश्वासन दिया था, परंतु स्थिति जस की तस बनी रही। इसके बाद पत्रकारों की भूमिका, समाजसेवियों के जनप्रतिनिधियों से संपर्क और सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणियों ने शासन को हरकत में आने पर मजबूर किया।जनता की मांग है कि 10 MVA नहीं, अब 20 MVA की क्षमता हो, क्योंकि मौजूदा आपूर्ति भारी दबाव में है और अक्सर ट्रिप करती है। किसान रोज़ाना हजारों रुपये खर्च कर जनरेटर से सिंचाई कर रहे हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गहरा बोझ डाल रही है। अब जबकि सचिव स्वयं आकर आश्वस्त कर गए हैं, क्षेत्र में उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है।






