महाविद्यालय की जमीन पर जबरन छप्पर रखने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दो लोगों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी कादीपुर लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने चार नामजद और सात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव में स्थित श्री कन्हैया लाल मानिकचंद महाविद्यालय की खेतोनी की जमीन पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे आरोपी हथियार लेकर पहुंचे और छप्पर रखने लगे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और महाविद्यालय के प्रबंधक के भाई जयप्रकाश पर कुल्हाड़ी, ईंट और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके दूसरे भाई विजय को भी मारकर सिर फोड़ दिया।इसके बाद आरोपी विद्यालय परिसर में घुस गए और ईंट-पत्थर फेंकने के साथ ही कार्यालय में रखे कागज फाड़कर फेंकने लगे। मौके पर पहुंची 112 नंबर पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरह हालात को संभाला और घायलों की जान बचाई। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर के अनुसार, महाविद्यालय के प्रबंधक प्रेम प्रकाश की तहरीर पर गांव के ही सुरेंद्र उर्फ लोलें, विशाल, कुंदन, पायल सहित चार नामजद एवं सात अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।






