दिल्ली: विधानसभा चुनावों 2025 के बाद दिल्ली सरकार का पहला सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है जो तीन दिनों का होगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कल दिल्ली सरकार का पहला सदन और पहला दिन होगा, जिसमें सभी माननीय विधायक शपथ लेंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा में पहले दिन स्पीकर और डिप्टी स्पीकर चुने जाएँगे। इसके साथ ही वो सारे काम जो दिल्ली की आम जनता के हित में है उसकी शुरुआत होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा सभी खजाने खाली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार के पहले सत्र में CAG (कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल) की रिपोर्ट लाई जाएगी। जिसमें दिल्ली सरकार की वित्तीय स्थिति का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा रेखा गुप्ता ने महिलाओं के लिए 2500 रुपये देने की योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा, “हम महिलाओं के लिए 2500 रुपये का मासिक भत्ता देंगे”। रेखा गुप्ता ने कहा, “हम कई चरणों में बैठक कर रहे हैं, जो स्थिति पिछली सरकार ने हमारे लिए छोड़ी है उसके बारे में अधिकारियों से स्टेटस रिपोर्ट ले रहे हैं। सभी खजाने खाली दिखाई दे रहे लेकिन हम इसे सुधारने के लिए कदम उठाएँगे”।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुनी गईं आतिशी
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को रविवार 23 फ़रवरी को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना गया। ये फैसला आम आदमी पार्टी के विधायकों की बैठक में लिया गया। बैठक में पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और 22 निर्वाचित विधायकों ने हिस्सा लिया। दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र 24 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो तीन दिनों तक चलेगा। इस सत्र में भाजपा सरकार द्वारा पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज के खिलाफ लंबित CAG रिपोर्ट पेश की जाएगी। भाजपा ने 5 फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों में 70 सीटों में से 48 सीटों पर जीत हासिल की थी और आम आदमी पार्टी को दिल्ली की सत्ता से बाहर कर दिया था। जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पार्टी के कई शीर्ष नेता भी चुनाव हार गए थे।








