यूपीआई उपयोगकर्ताओं को देशभर में करना पड़ा मुश्किलों का सामना। वित्तीय लेन-देन में भारी रुकावट के चलते भारत में बड़े पैमाने पर यूपीआई आउटेज की आई शिकायत। यूजर्स के अनुसार, PhonePe, Paytm और Google Pay ने बुधवार शाम को काम करना बंद कर दिया।
डाउनडिटेक्टर डेटा से यह भी पता चला है कि बुधवार को शाम 7 बजे के बाद 1300 से अधिक लोगों ने यूपीआई आउटेज की शिकायत की है। यूपीआई को मैनेज करने वाली NPCI ने आउटेज को लेकर बयान जारी किया। NPCI ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से एक पोस्ट में लिखा, “NPCI को अस्थायी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसके कारण यूपीआई में आंशिक गिरावट आई। जिसका अब समाधान किया गया है और प्रणाली स्थिर हो गई है। असुविधा के लिए खेद है”।
यूपीआई सेवा ठप होने से कई उपयोगकर्ताओं को डिजिटल भुगतान में दिक्कत का सामना करना पड़ा। पेमेंट या तो फेल हो रहे थे या फिर बहुत देर से प्रोसेस हो रहे थे। यूजर्स ने इंटरनेट पर अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं कई उपयोगकर्ताओं ने शिकायत की है कि उनके उनके PhonePe, Paytm और Google Pay जैसे ऐप्स सही से काम नहीं कर रहे हैं।








