लखनऊ: सपा के विधायकों ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बयान को लेकर यूपी विधानसभा में किया प्रदर्शन। सपा विधायक समरपाल सिंह के एक सवाल पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, ”नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का सम्मान तो बहुत किया। सपा वाले नेताजी की हर बात मानते हैं। क्या वो बात भी मानेंगे की लड़कों से गलती हो जाती है”।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के इस बयान के बाद विधानसभा में सपा विधायकों ने किया जोरदार हंगामा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। कहा-हर बात को निगेटिव मत लीजिए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय खड़े हो गए। उन्होंने कहा-नेता जी सम्मानित व्यक्ति रहे हैं। उनके लिए इस तरह की बात नहीं की जानी चाहिए। मंत्री जी ने जानबूझकर ऐसा बोला कि विवाद हो जाए। उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
दोपहर 2 बजे तक थागित की गई विधानसभा
इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि सदन में किसी का नाम नहीं लिया गया। मुलायम सिंह सबके आदरणीय नेता हैं। किसी का नाम नहीं लिया गया है। इसके बावजूद सपा सदस्य नहीं माने और विधानसभा अध्यक्ष के आसन के सामने धरना देने लगे। “स्वास्थ्य मंत्री इस्तीफा दो, स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त करो…” के खूब नारे लगाते रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने दोपहर दो बजे तक के लिए सदन स्थगित कर दिया।






