ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष चतुर्दशी पांचवे व अंतिम मंगलवार को विजेथुआ महाबीरन धाम में भोर से ही दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ना शुरू हुई। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद धाम में स्थित मकरी कुण्ड सरोवर में श्रद्धालुओं ने स्नान कर माला,फूल,मीठी पूड़ी,सिंदूर आदि लेकर हनुमानजी के दरबार में कतारबद्ध होकर जय श्री राम, जय हनूमान,जय जय सियाराम आदि जयकारे लगाते हुए बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई,और हनुमानजी महाराज के दर्शन किए। दर्शनार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिस कारण लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश भी दिखा।श्रद्धालुओं के लिए केवल एक ही द्वार खोलने के कारण दर्शनार्थियों में कई बार आपस में धक्का मुक्की और कहा- सुनी की भी स्थति उत्पन्न हुई। हांलाकि करीब साढ़े नौ बजते बजते दर्शनार्थियों ने जोर जबर्दस्ती कर सभी द्वार खोल दिए।धाम परिक्षेत्र में पाकेट मार,मोबाइल चोर व चैन स्नेचरों का गिरोह भी मौजूद रहा।मेला परिक्षेत्र में चाट, जलेबी की दुकानों पर मेलार्थियों की भारी भीड़ रही। मेले में आए हुए लोगों ने माटी के बर्तन और विंदी, सिंदूर चूड़ी, कंगना आदि खरीददारी करते देखे गए।मंदिर गेट तक चार पहिया व दो पहिया वाहन पहुंचने से मंदिर परिक्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रही।मेला परिक्षेत्र में चल रहा भंडारे में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इन्सेट- मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे से सूरापुर बाजार में जाम लग गया। भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप में लोग घंटों जाम में फंसे रहे।बुजुर्ग, महिलाओं, बच्चों व मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।






