NSS Special Camp: लखनऊ स्थित श्री कृष्ण दत्त एकेडमी (Sri Krishna Dutt Academy) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा दिनांक 10 मार्च, 2026 को विशेष शिविर के द्वितीय दिवस का आयोजन बरौली, खलीलाबाद में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ NSS गीत के साथ हुआ, जिससे वातावरण में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का संचार हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवियों ने प्रातःकालीन योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली के महत्व को समझा और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
योगाभ्यास के उपरांत स्वयंसेवियों ने क्षेत्र में जाकर साइबर जागरूकता अभियान (Cyber Security Awareness) के अंतर्गत रैली निकाली तथा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। रैली के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के जोखिम तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों को दर्शाते हुए आमजन को सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
भोजनावकाश के पश्चात द्वितीय सत्र में स्वयंसेवियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर Jaya Singh ने साइबर सुरक्षा के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए डिजिटल लेनदेन की सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत डेटा की गोपनीयता बनाए रखने के उपायों पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात स्वयंसेवियों के लिए साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए साइबर जागरूकता से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्वयंसेवियों के ज्ञान में वृद्धि हुई तथा उनमें साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर के द्वितीय दिवस का सफलतापूर्वक समापन किया गया।














