ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष अष्टमी को पौराणिक धर्म स्थल विजेथुआ महावीर धाम में हनुमानजी के दर्शन पूजन के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।विजेथुआ मोड़ धीरु बाबा देवस्थान के निकट दुर्गा मंदिर भवानीपुर के परिसर में श्री विश्वनाथ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस कलान प्रबंध निदेशक डा वेदप्रकाश सिंह राजू की तरफ से महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।मंदिर के पुजारी नारेन्द्र पाण्डेय व अजय पाण्डेय ने बताया कि ज्येष्ठ मास के प्रत्येक मंगलवार की महत्ता के चलते कालिनेमि वध स्थल पौराणिक विजेथुआ महावीर धाम में स्थित मकरी कुण्ड सरोवर में श्रद्धालुओं ने स्नान कर माला, फूल, मीठी पूड़ी, सिंदूर आदि लेकर हनुमानजी के दरबार में हाजिरी लगाने के साथ हनुमत जयकारे लगाए। मंदिर परिक्षेत्र में बने धर्मशालाओं में कड़ाही देने वालों की भारी भीड़ रही। भीड़ को नियंत्रित करने व दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पुलिस बल मुस्तैद रही। मेला परिक्षेत्र के बाहर बने पार्किंग में दो पहिया व चार पहिया वाहनों की भरमार रही।इस दौरान सूरापुर बाजार में सुबह करीब नौ बजे से लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ा। गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों ने लिंक मार्ग का सहारा लिया।






