अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार दो पोस्ट साँझा किए। पहले पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, “एकमात्र राष्ट्रपति जिसने यूक्रेन की कोई भी ज़मीन पुतिन के रूस को नहीं दी, वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं”। उन्होंने आगे लिखा, “याद रखें कि कमज़ोर और अप्रभावी डेमोक्रेट आलोचना करते हैं और फ़ेक न्यूज़ ख़ुशी-ख़ुशी उनकी कही गई हर बात को सामने रख देता है”। वहीं अपने दूसरे पोस्ट में ट्रंप ने लिखा है कि कल की रात बड़ी होगी। मैं इसे वैसे ही बताऊंगा जैसा कि यह है।
इससे पहले रविवार को लंदन में यूक्रेन के मुद्दे पर कई यूरोपीय देशों के नेताओं और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेस्की ने मिलकर बातचीत की। इस मुलाक़ात के बाद ज़ेलेंस्की ने कहा है कि हालिया घटना के बाद उन्हें यूरोप से स्पष्ट समर्थन मिला है। पिछले सप्ताह शुक्रवार को ज़ेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्हाइट हाउस में तीखी बहस हुई थी। इस बहस में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ज़ेलेंस्की पर काफ़ी तीखी बयानबाज़ी की थी।








