पश्चिम बंगाल: दक्षिण 24 परगना जिले के ढोलाहाट इलाके में एक भयावह हादसा हुआ। हादसे में चार बच्चों समेत सात लोगों की जान गई। घटना एक घर में सिलेंडर में हुए ब्लास्ट के बाद पटाखों के विस्फोट के कारण हुई। विस्फोट इतना तेज था कि घर पूरी तरह से ढह गया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुंदरबन क्षेत्र के ढोलाहाट में हुई, वहाँ एक घर में घरेलू गैस सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद घर में रखे पटाखों में आग लग गई। पटाखों में धमाका होने से विस्फोट और भी भीषण हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि पूरा घर ध्वस्त हो गया और आसपास के क्षेत्र में भी नुकसान हुआ।
इस विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुँच कर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम कर रहे है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।








