गुरुवार को दिल्ली की सरकार का हुआ गठन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित 6 विधायकों ने मंत्री पद की ली शपथ। ADR की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के सात नवनियुक्त मंत्रियों में से 5 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिन मंत्रियों के खिलाफ केस दर्ज हैं उनमें दिल्ली मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाली रेखा गुप्ता का नाम भी शामिल है। इसके अलावा दिल्ली कैबिनेट के एक मंत्री आशीष सूद पर गंभीर आपराधिक आरोप हैं। बता दें कि यह डेटा 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले मंत्रियों की ओर से पेश किए गए हलफनामे पर आधारित है।
दिल्ली कैबिनेट में शामिल कौन मंत्री हैं सबसे अमीर
दिल्ली कैबिनेट के नए मंत्रीमंडल में राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा के पास सबसे अधिक संपत्ति है। मनजिंदर सिंह सिरसा के पास 248.85 करोड़ रुपये की कुल घोषित संपत्ति है। वहीं दूसरी ओर सबसे कम घोषित कुल संपत्ति वाले मंत्री करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से कपिल मिश्रा है, जिनकी संपत्ति 1.06 करोड़ रुपए है। दिल्ली के सात मंत्रियों की औसत संपत्ति 56.03 करोड़ रुपये है। सभी सात मंत्रियों ने देनदारियों की घोषणा की है। जिसमें नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश वर्मा पर सबसे अधिक कर्ज 74.36 करोड़ रुपये है। सात में से छह मंत्रियों ने अपनी शैक्षिक योग्यता स्नातक स्तर या उससे ऊपर घोषित की है, जबकि एक मंत्री ने केवल 12वीं कक्षा ही उत्तीर्ण की है।
रेखा गुप्ता ने दिल्ली की सीएम पद की संभाली कमान
बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। आपको बता दें कि रेखा गुप्ता अपनी पार्टी की सुषमा स्वराज, कांग्रेस की शीला दीक्षित और आप की आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं।
दिल्ली कैबिनेट में इन मंत्रियों ने ली शपथ
रेखा गुप्ता के साथ इन छह विधायकों ने ली शपथ, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराने वाले और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले प्रवेश वर्मा हैं। इनके बाद आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह को भी रेखा गुप्ता के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। शपथ समारोह में पीएम मोदी, बीजेपी के शीर्ष नेता और NDA के नेता शामिल हुए।








