छोटे पर्दे की जानी-मानी अदाकारा अदिति शर्मा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के चलते सुर्खियों में आ गई हैं। कलर्स के सीरियल ‘अपोलोना’ में अदिति शर्मा इस समय नजर आ रही हैं और इस बीच अदाकारा को लेकर अभिनीत कौशिक ने किया चौंकाने वाला खुलासा। उन्होंने कहा कि अदिति ने उनके साथ नवंबर 2024 में गुपचुप रचाई थी शादी लेकिन अब शादी के 5 महीने बाद ही वो अभिनीत कौशिक से मांग रही हैं तलाक। इसके साथ ही अदिति को अपनी पत्नी कहने वाले अभिनीत ने कई गंभीर आरोप भी भी लगाए हैं। एक इंटरव्यू में अभिनीत कौशिक और उनके कानूनी सलाहकार राकेश शेट्टी ने चौकाने वाले खुलासे किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो अदिति के साथ शादी से पहले लंबे समय तक लिवइन रिलेशनशिप में रहे थे और पिछले साल 12 नवंबर को ही उन दोनों ने परिवारवालों की मौजूदगी में घर पर शादी रचा ली लेकिन अपने करियर की वजह से अदिति ने इस शादी को सीक्रेट रखने का फैसला किया। अभिनीत ने कहा कि उनके पास शादी की 1000 तस्वीरें मौजूद हैं लेकिन अब वो उनसे तलाक मांग रही हैं। अभिनीत ने अदिति पर आरोप लगाया है कि वो अपने साथी कलाकार समर्थ्य गुप्ता को डेट कर रही हैं और उन्होंने उन दोनों को रंगे हाथ भी पकड़ा है। तलाक के साथ ही अदिति अब अभिनीत से 25 लाख रुपये मांग रही है। फिलहाल दोनों अलग-अलग घर में रहे हैं। हालांकि अभी तक अभिनीत कौशिक के इन आरोपों पर अदाकारा अदिति शर्मा की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है लेकिन इस खुलासे ने इंडस्ट्री में हड़कंप जरूर मचा दिया है।








