रोहतक: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में खासा सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल थी। हिमानी की इंस्टाग्राम आईडी पर राहुल गांधी सहित कई कांग्रेस नेताओं की तस्वीर है। मां की आंखों के आंसुओं थम नहीं रहे, उसकी आवाज़ में दर्द और गुस्सा दोनों छलक रहे हैं। सविता की बेटी हिमानी नरवाल, जो कांग्रेस की एक सक्रिय कार्यकर्ता थी, अब वो इस दुनिया में नहीं रही। उसका शव एक सूटकेस में बंद मिला और यह खबर सुनते ही सविता का बुरा हाल है।
पीड़िता की माँ ने कहा चुनाव और पार्टी ने बेटी की ली
मीडिया के सामने रोते हुए सविता ने कहा कि “चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली”। हिमानी की माँ ने मीडिया से हुई बातचीत के दौरान कहा कि उनकी बेटी हिमानी ने कुछ दुश्मन बना लिए थे, शायद वो पार्टी के भीतर से ही थे। शायद उसके दोस्तों में से कोई था। सविता ने कहा कि मैं उसका अंतिम संस्कार तब तक नहीं करूंगी जब तक उसे इंसाफ नहीं मिल जाता।
01 मार्च शनिवार को रोहतक जिले के सांपला कस्बे के पास बंद सूटकेस में एक युवती की लाश मिली थी। शाम में इस लाश की पहचान कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल के रूप में हुई। रोहतक के कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने मांग की है कि युवती की हत्या की जाँच के लिए पुलिस स्पेशल एसआईटी का गठन करें और जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार करें।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में हिमानी खासा सक्रिय थी
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हिमानी नरवाल खासा सक्रिय थी। हिमानी की इंस्टाग्राम आईडी पर राहुल गांधी सहित कई कांग्रेसनेताओं की तस्वीर है। रोहतक में भी दीपेंदर हुड्डा और भूपेंदर हुड्डा के चुनाव प्रचार में हिमानी खासा सक्रिय थी। रोहतक के कांग्रेसविधायक बीबी बत्रा ने हिमानी की हत्या की जांच के लिए एसआईटी के गठन की मांग की है।
दोषियों पर कार्रवाई का आदेश
हरियाणा के सीएम नायब सैनी के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे ने रोहतक में हिमानी हत्याकांड पर कहा कि घटना बहुत दुखद है। सीएम ने पुलिस कमियों को इस मामले में तुरंत कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं। प्रवीण अत्रे ने कहा कि खुद हिमानी की माँ नें भी आशंका जताई है कि कांग्रेस से जुड़े भी कुछ लोग हत्या के पीछे हो सकते हैं। इससे कांग्रेस के चरित्र का पता लगता है। सीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि चाहे कोई बड़ा दोषी हो या छोटा व्यक्ति किसी को बक्शा नहीं जाएगा।
पूर्व सीएम हुड्डा ने उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
हिमानी नरवाल की हत्या पर हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंदर हुड्डा की प्रतिक्रिया भी आई सामने। भूपेंदर हुड्डा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा “रोहतक में कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या का समाचार बेहद दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि व परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। एक लड़की की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना, बेहद दुखदाई और आघात पहुँचाने वाला है। यह अपने आप में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बदनुमा धब्बा है। इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जाँच हो और सरकार पीड़िता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय व दोषियों को कठोरतम दंड दिलाए”।
हिमानी नरवाल हत्याकांड पर तेज हो चुकी राजनीति क्या पीड़िता को न्याय दिलाने में होगी कामयाब या फिर ये सिर्फ राजनीति रोटियाँ सेकने की कवायद है!








